आर०एस०एस० के स्वयंसेवक ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, लावारिस पर्स वारिस को लौटाया

कछौना (हरदोई)। नगर पंचायत कछौना पतसेनी के इमलीपुर वार्ड निवासी व बाबा कुशीनाथ मंदिर संघ शाखा के स्वयंसेवक गोपाल मिश्रा ने एक लावारिस मिले पर्स को उसके मालिक को लौटाकर ईमानदारी की बेहतरीन मिसाल पेश की है। उनके इस कार्य की नगरवासी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।

बताते चलें कि कछौना निवासी गोपाल मिश्रा लखनऊ के पान-दरीबा स्थित ‘पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रभान गुप्त पुस्तकालय’ में अध्यक्ष के पद पर तैनात हैं और रविवार को लखनऊ जाते समय उन्हें बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर के पास स्थित रमेश सक्सेना की मिठाई की दुकान के सामने ई-रिक्शा पर एक लावारिस पर्स मिला था जिसमें 2010 नकद रुपयों के साथ आधार कार्ड व पैन कार्ड सहित अन्य कागजात मौजूद थे, आधार कार्ड के अनुसार वो पर्स कछौना के ठाकुरगंज वार्ड निवासी विमल कुमार गुप्ता का मालूम हो रहा था। गोपाल मिश्रा ने लावारिस मिले पर्स की सूचना कछौना नगर के वॉलिंटियर्स वाट्सएप समूहों (सोशल मीडिया) में प्रेषित की, जिसपर सूचना प्राप्त होने के चलते पर्स मालिक विमल कुमार गुप्ता ने गोपाल मिश्रा से संपर्क कर अपनी पर्स प्राप्त की।

गोपाल मिश्रा के इस सहयोग हेतु पर्स मालिक विमल कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।इस अवसर पर बाबा कुशीनाथ मंदिर संघ शाखा से ओमप्रकाश(ओपी) राठौर, अजय गुप्ता, अजय शुक्ला व मनोज जायसवाल आदि लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ