बैडमिंटन चैंपियन छात्रा को शिवनाडर फाउंडेशन ने छात्रवृत्ति के रूप में दिये पचास हजार

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई)। साल 2019 में एचसीएल फाउंडेशन द्वारा नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता स्पोर्ट्स फॉर चेंज में विकासखंड कछौना के परिषदीय विद्यालय की छात्रा सोनाली ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया था। बैडमिंटन की राष्ट्रीय उपयोगिता में चैंपियन रही छात्रा सोनाली की खेल प्रतिभा को देखते हुए शिवनाडर फाउंडेशन द्वारा छात्रा को खेल सामग्री आदि के लिए 50 ₹ के साथ उचित प्रशिक्षण हेतु एक साल के लिये नि:शुल्क कोचिंग की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस ने बताया कि छात्रवृत्ति पोषण संबंधित 25 हजार रुपये की किस्त छात्रा के पिता रामलखन के खाते में पहुंच गई है,खेल सामग्री हेतु शेष 25 हजार रुपये भी शीघ्र उनके खाते में डाले जाएंगे। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की स्थिति सामान्य होने पर प्रतिभाशाली छात्रा के समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जायेगी।

सोनाली विकासखण्ड कछौना क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय मतुआ की छात्रा है। छात्रा के कोच विद्यालय के अनुदेशक आदर्श कुमार हैं, जिनसे उसने अब तक बैडमिंटन का प्रशिक्षण हासिल किया है। बैडमिंटन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का चैंपियन बनने पर जिलाधिकारी पुलकित खरे द्वारा पूर्व में सोनाली और उनके कोच आदर्श कुमार को सम्मानित किया जा चुका है। वही छात्रा को छात्रवृत्ति मिलने पर के उसके माता-पिता, सगे संबंधियों सहित पूरे गांव में खुशी की लहर है।