कछौना (हरदोई)- कोतवाली क्षेत्र के गांव कन्था से सवारियां भरकर कछौना आ रहा डग्गामार टेंपो कन्था गाँव से कुछ दूर आगे चलकर पकरिया ऊसर गाँव के पास अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए । सभी को इलाज के लिए सीएचसी कछौना लाया गया । जहां से दो लोगों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
टैम्पो पलटने से उसके नीचे राम श्री पत्नी सुंदर, सुशीला पत्नी संतोष, प्रियंका पुत्री संतोष, राम चेला पुत्र रामस्वरूप, संतोष व सूरज पुत्र संतराम, संतराम पुत्र मदारी, सोनू पुत्र सती लाल, शिव कुमार पुत्र लल्लू सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए । टैम्पो पलटते ही चीख पुकार मच गई । शोर सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने टेम्पो के नीचे दबे पिक्कू सहित अन्य यात्रियों को किसी तरह निकालकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहँचाया ।
सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद श्रीराम व रामचेला की हालत चिंताजनक देखते हुये डॉ मुकेश गुप्ता ने उसे जिला अस्पताल रिफर कर दिया तथा अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई । घायल संतोष ने बताया कि लोन्हरा निवासी हरिश्चंद्र राधे शराब के नशे में टेंपो चला रहा था । यात्रियों के बार – बार अनुरोध करने के बाद भी गति धीमी नहीं की । मोड़ पर तेज रफ्तार से मोड़ने पर अनियंत्रित होकर टैम्पो पलट गया । जिससे उपरोक्त लोग घायल हो गए । कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि उन्हें कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है ।