कोटे की दुकान के चयन में पथराव व फायरिंग, एडीओ पंचायत ने दर्ज कराई 13 नामजद 35 अज्ञात पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट

                 हरदोई- मंझिला थाना क्षेत्र में राशन कोटे के चुनाव को लेकर दो पक्षों में हुई कहासुनी के बाद हिंसक रूप लेकर दबंगों की ताबड़तोड़ फायरिंग कांड में एडीओ पंचायत की तहरीर पर 13 नामजद व 30-35 अज्ञात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।यहां गोली लगने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।मामले में सूचना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
                   मामला मंझिला थाना क्षेत्र के महमूदपुर परसई गांव का है जहां राजरूप की पत्नी और नवल मिश्रा की पत्नी के बीच कोटा चयन को लेकर चुनाव होना था।सोमवार को पंचायत भवन में दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हुए। इसी दौरान वोटों की गिनती को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि कहासुनी के बाद नवल मिश्रा पक्ष के नीरज मिश्रा, इच्छाराम, विमल पांडे, सुदर्शन लाल और अशोक कुमार ने पथराव के साथ लाइसेंसी और नाजायज असलहों के साथ फायरिंग करके मौके से फरार हो गए थे।
                    दबंगों की फायरिंग से दूसरे पक्ष के राम भजन, नन्हे सिंह, सुरेश और विवेक गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इस मामले में सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।इस मामले में एडीओ पंचायत राणाप्रताप मनोज की तरफ से 13 नामजद 30 से 35 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के साथ 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।