प्रेम द्विवेदी, अहिरोरी
ब्लाक अहिरोरी क्षेत्र के अंतर्गत गांवों में जाकर कृषि वैज्ञानिकों व अधिकारियों ने राष्ट्रीय ग्राम पंचायत दिवस पर लोगों को कोरोना महामारी से लड़ने के लिए उपाय बताए । टीम में शामिल डॉक्टर दीपक मिश्रा ने लोगों को कोरोना महामारी से बचाव के तरीके बताते हुए कहा कि आप लोग सावधानी रखिए और सुरक्षित रहिए । एक बात बहुत जरूरी है कि अपने घर पर ही रहिए । उन्होंने सभी को अपने संसाधनों पर आत्म निर्भर बनने को भी कहा । साथ ही आरोग्य सेतु एप के विषय में बताते हुए इसको डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया ।
डॉ॰ सी पी एन ने बताया कि कृषि प्रबन्धन हेतु कम लागत, सुनिश्चित उत्पाद बिक्री एवं आत्म निर्भर खेती अपनाने की आज नितांत आवश्यकता है । उन्होंने बताया कि आज भी गाँव मे लोग प्रकृति के ज्यादा नजदीक हैं और इस बदलते मौसम के अनुरूप कृषि विधा में परिवर्तन लाने की आवश्यकता है। इसके लिए हम किसान भाइयों को आत्मनिर्भरता लानी होगी । स्वयं का बीज और इसका भंडारण व बीज के रूप में इसका प्रसार परस्पर आदान प्रदान के द्वारा करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए । स्वयं की खाद का प्रयोग श्रेयस्कर होगा, यह खाद चाहे गोबर की हो या जैव अपघटन की सहायता से बनाई जाए ।
डॉ॰ मुकेश सिंह ने कहा कि फसल के पौधों की सुरक्षा के लिए जैविक कीटनाशकों को बनाना होगा । इन खरपतवारनाशकों व कीटनाशकों का चाहे जो भी स्वरूप हो किन्तु यह अपने संसाधनो के द्वारा निर्मित होने चाहिए ताकि कृषकों में आत्मनिर्भरता बढ़े और यह प्रयास स्वरोजगार का सृजन भी करेगा। आज इसकी नितांत आवश्यकता है। ऐसा करके हम लागत को घटा सकते हैं और आत्मनिर्भर भी बन सकेंगे ।