शरदेन्दु मिश्र ‘राहुल’ बघौली-
बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा महरी के मजरा सेमरा खुर्द में दिनांक 25 अप्रैल को कुछ युवकों में क्रिकेट मैच को लेकर मारपीट हो गई थी । जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी ।
मिली जानकारी के अनुसार सेमरा खुर्द में युवाओं द्वारा क्रिकेट मैच खेला जा रहा था । जिसमें इसी गांव के निवासी सचिन कुमार व ब्रजकिशोर को नागेंद्र सिंह, पंकज सिंह, धर्मेंद्र सिंह पुत्र शिव सेवक सिंह ने मारा पीटा था । दबंगों की पिटाई से सचिन कुमार व ब्रजकिशोर गंभीर रूप से घायल हो गए थे । घायल सचिन कुमार व ब्रजकिशोर ने लिखित शिकायती पत्र बघौली थाना प्रभारी फूलचंद सरोज को दिया था । थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया था और घायलों को अस्पताल भिजवा दिया था । इलाज के दौरान ब्रजकिशोर की मौत हो गई थी ।
इस संबंध में थाना प्रभारी फूलचंद सरोज ने युवक की मौत का मामला संज्ञान में आते ही दोषियों के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा बढ़ाकर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे । जिसमे पुलिस को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सभी आरोपितों को हत्या में प्रयुक्त बैट व स्टंप समेत अपने घरों के पास से गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी जब्बार खां, कांस्टेबल पी के दिवाकर व अनुज नागर शामिल रहे।