उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा से ब्रिटिश कौंसिल के मिनिस्टर, कल्चरल अफेयर्स श्री एलेन गेमेल ओबीई ने आज यहां विधान भवन में उनके कार्यालय कक्ष में भेंट की और उन्हें आगामी 22 से 24 जनवरी तक लंदन में होने वाले एजुकेशन वर्ल्ड फोरम में भाग लेने के लिए औपचारिक आमंत्रण पत्र दिया। इस भ्रमण कार्यक्रम का सारा व्यय भार ब्रिटिश कौंसिल द्वारा वहन किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा, श्री संजय अग्रवाल भी इस सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री के साथ भाग लेंगे।
डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में किए गये सुधारात्मक प्रयासों से प्रभावित होकर ब्रिटिश कौंसिल ने तमिलनाडु के बाद उत्तर प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने के प्रति अपनी अभिरूचि दिखाई है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक व उच्च शिक्षा के साथ-साथ ब्रिटिश कौंसिल सांस्कृतिक एवं पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए हर प्रकार का सहयोग प्रदान करने के इच्छुक भी हैं। डॉ दिनेश शर्मा ने बताया कि इस बात पर सहमति बनी है कि उत्तर प्रदेश और ब्रिटेन की बेहतर शैक्षिक कार्य प्रणाली को आपस में आदान-प्रदान किया जाएगा और उच्च शिक्षा के लिए शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।