दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई)। कोरोना वायरस के चलते लाकडाउन में भी चोर सक्रिय हैं और बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र के परिषदीय स्कूल प्रमुख रुप से चोरों के निशाने पर हैं।
सोमवार रात विकासखंड कछौना के उच्च प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा में अज्ञात चोर प्रधानाध्यापक कक्ष सहित अन्य कक्षों के दरवाजों के ताले तोड़कर तीन सीलिंग पंखे सहित अन्य हजारों रुपए का कीमती सामान चोरी कर ले गए। मंगलवार की सुबह रसोइया आरती जब विद्यालय पहुंची तो उसने कक्षों के दरवाजे खुले देखे तो मामले की सूचना प्रधानाध्यापिका व ग्रामीणों को दी। थोड़ी देर में विद्यालय पहुंची प्रधानाध्यापिका सुनीता देवी ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना देते हुये, चोरी हुये सामान का आकलन करने के बाद तहरीर दी। वही पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर मौका-मुआयना किया है। एक सप्ताह में परिषदीय विद्यालय में चोरी की यह दूसरी घटना है इससे पूर्व अज्ञात चोर परिषदीय विद्यालय सूरत खेड़ा में ताला तोड़कर वहां रखा खाद्यान्न चोरी कर ले गए थे।
बताते चलें कि लगभग एक-देढ़ वर्ष पूर्व भी अज्ञात चोरों ने सिलसिलेवार तरीके से क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों को अपना निशाना बनाना शुरू किया था। पुलिस ने काफी तहकीकात के बाद इन चोरियों का खुलासा करते हुए घटनाओं में संलिप्त लोगों को जेल भेज दिया था। जिसके बाद परिषदीय विद्यालयों में चोरी की घटनाओं पर कुछ समय के लिए विराम लग गया था। एक बार फिर से परिषदीय विद्यालयों में शुरू हुई चोरियों से यह अंदेशा लगाया जा रहा है की क्षेत्र में एक बार पुनः चोरों का गिरोह सक्रिय हो गया है जिसका लक्ष्य परिषदीय7 विद्यालयों में लगे कीमती उपकरणों और खाद्यान्न आदि को चोरी करना है l
फिलहाल प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका द्वारा विद्यालय में चोरी की घटना की जानकारी प्राप्त हुई है, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।