उत्‍तरप्रदेश सरकार ने पूरे राज्‍य में प्रत्‍येक रविवार को कर्फ़्यू की घोषणा की

उत्‍तरप्रदेश सरकार ने समूचे राज्‍य में प्रत्‍येक रविवार को पूर्ण बंदी की घोषणा की है। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ राज्‍य में कोविड संक्रमण की स्थिति की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया। उन्‍होंने कहा कि पूर्ण बंदी वाले दिन जागरूकता अभियान सहित आपात कालीन सेवाओं और साफ सफाई का काम जारी रहेगा। यह पूर्णबंदी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लागू होगी।
 
मुख्‍यमंत्री ने मास्‍क न लगाने वालों पर कडी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। बिना मॉस्‍क के पहली बार पकडे जाने पर एक हजार रूपये और दूसरी बार पकडे जाने पर दस हजार रूपये का जुर्माना लगाया जायेगा। 
 
उत्‍तरप्रदेश में संक्रमण के इस समय एक लाख से अधिक सक्रिय मामले हैं। राज्‍य सरकार ने संक्रमण को और अधिक  फैलने से रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं।

प्रदेश भर के सभी सरकारी अस्पतालों में आज से ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई हालांकि आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। सरकार ने कहा है कि जो अस्पताल कोविड मरीजों को भर्ती करने से इन्‍कार करेंगे उनके खिलाफ महामारी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

इस बीच राजधानी लखनऊ में लगातार बिगड़ रहे कोरोना हालात के मद्देनजर बलरामपुर अस्पताल और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी को कोविड अस्पताल में बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में डिफेंस एक्सपो ग्राउंड पर एक हजार बेड वाला आपातकालीन अस्पताल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। राज्य में होम आइसोलेशन में मौजूद मरीजों को मेडिकल किट दी जाएगी जिसमें कम से कम एक हफ्ते की कोरोना की दवाएं मौजूद रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में कोविड के इलाज के लिए दवाओं की कोई कमी नहीं है, उन्होंने मुख्य सचिव को रेमडोसिवियर इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने और उसकी मौजूदगी की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। 1 महीने के स्टॉक का निरीक्षण करने के बाद जरूरत पड़ने पर इस इंजेक्शंस को खरीदा भी जाएगा।