नीचे दी गयी संस्थान टीन-पट्टिका को ध्यानपूर्वक देखिए। वह संस्थान ‘भरद्वाज-आश्रम’, प्रयागराज के सामनेवाले मार्ग पर स्थित है। टीन की यह पट्टिका वर्षों से संस्थान के प्रवेशद्वार के ऊपर लगी हुई है। इस संस्थान में ‘बड़े-बड़े’ अधिकारी भाषण करने के लिए (‘देने के लिए’ अशुद्ध प्रयोग है; क्योंकि यह शब्द क्रियाशीलता का द्योतक है।) जाते हैं; शिक्षा-क्षेत्र के ‘प्रतिष्ठित’ लोग वहाँ जाते हैं; आते-जाते हुए इलाहाबाद केन्द्रीय विश्वविद्यालय, उत्तरप्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, इलाहाबाद डिग्री कॉलेज, सेण्ट ऐन्थोनी गर्ल्स इण्टर कॉलेज, जगततारन गर्ल्स इण्टर कॉलेज, जगततारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज, स्वामी विवेकानन्द विद्याश्रम, सी०एम०पी० डिग्री कॉलेज, ईश्वरशरण डिग्री कॉलेज, श्यामाप्रसाद मुखर्जी डिग्री कॉलेज आदिक पचासों शिक्षण-संस्थानों के-की अध्यापकगण आते-जाते-आती-जाती हैं और नीचे दिखायी जा रही पट्टिका पर नज़रें भी दौड़ाते-दौड़ाती हैं; परन्तु विचार नहीं करते-करतीं; चिन्तन-अनुचिन्तन नहीं करते-करतीं। यही कारण है कि आज ‘प्रयागराज’ में तथाकथित प्रबुद्धवर्ग में ‘भाषाविकृति’ को ‘संस्कृति’ का रूप देने के प्रति कहीं-कोई ‘चिन्ता’ नहीं दिखती। ऐसे लोग जब ‘भाषा-विषयक’ आयोजनों में निमन्त्रित किये जाते हैं तब बढ़-चढ़कर अपनी ‘शाब्दिक’ जागरूकता का परिचय प्रस्तुत करते हैं।
अब, आप नीचे की सांस्थानिक प्रवेशद्वार-पट्टिका पर दृष्टि-अनुलेपन करें। उसमें छ: प्रकार की अशुद्धियाँ हैं :—
पहली– पुर्नवास के स्थान पर ‘पुनर्वास’ होगा।
दूसरी– अँगरेज़ी में लिखे गये संक्षिप्त शब्दों में प्रत्येक अक्षर के नीचे पार्श्व में संक्षेपसूचक चिह्न (.) का प्रयोग होगा।
तीसरी– विकलांग केन्द्र के स्थान पर ‘दिव्यांग केन्द्र’ होगा; क्योंकि ‘विकलांग’ शब्द को शासन-स्तर पर समाप्त कर ‘दिव्यांग’ किया गया है।
चौथी– तीसरी पंक्ति में भारद्वाज आश्रम के स्थान पर ‘भरद्वाज-आश्रम’ होगा। भारद्वाज का अर्थ है, ‘भरद्वाज-कुल में उत्पन्न’, जबकि भरद्वाज एक ऋषि का नाम है, जिन्होंने उस आश्रम का निर्माण अपने लिए कराया था और वहीं रहकर दस सहस्र विद्यार्थी गुरु भरद्वाज से ज्ञान ग्रहण करते थे। ‘भरद्वाज’ और ‘आश्रम’ के मध्य (-) लगा यह चिह्न षष्ठी तत्पुरुष समास है; क्योंकि यहाँ ‘भरद्वाज-आश्रम’ का अर्थ है, ‘भरद्वाज का आश्रम’।
पाँचवीं– सबसे नीचे जे.एल.एन.रोड में प्रत्येक अक्षर के सामने जो संक्षेपसूचक चिह्न लगाया गया है, वह अशुद्ध है; क्योंकि वह चिह्न अँगरेज़ी-अक्षरों के नीचे पार्श्व में लगाया जाता है। हिन्दी-विराम चिह्न के अन्तर्गत संक्षेपसूचक चिह्न इसे कहते हैं :– (०)। वहाँ पर जे० एल० एन० रोड (जवाहरलाल नेहरू रोड) होगा।
छठी– रोड के स्थान पर ‘मार्ग’ होगा।

(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १९ अगस्त, २०१९ ईसवी)