आज बुधवार 18 अक्टूबर 2017 को दीपावली की पूर्व संध्या पर एल.ओ.सी. (लीग ऑफ़ सिटीज़न्स) द्वारा दीपोत्सव एवं भारतमाता पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन जानकीपुरम के पहाड़पुर चौराहे पर किया गया | कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि आरएसएस के लखनऊ विभाग के प्रचारक श्रीमान अजय नारायण जी व संगठन के पदाधिकारियों ने भारतमाता के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की | लीग ऑफ़ सिटीज़न्स के अध्यक्ष और फार्मेसी कॉलेज में विभागाध्यक्ष श्री नीलकंठ मणि पुजारी जी ने कार्यक्रम की भूमिका रखते हुए इस दीपावली पर सभी को स्वच्छता का संकल्प लेते हुए “एक दिया स्वच्छता के नाम” भी जलाने की अपील की | केंद्र व राज्य सरकार के स्वच्छ भारत अभियान को तभी साकार बनाया जा सकता है जब हम सब केवल अपनी और अपने घर की सफाई ही नहीं बल्कि अपने गली-मोहल्ले-पार्क तक भी सफाई का ध्यान रखें | इस बाबत सामाजिक कार्यकर्त्ता विनय रॉय की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विनय रॉय के प्रयासों से जानकीपुरम के पार्कों का कायाकल्प होना शुरू हो गया है | कार्यक्रम में भारतमाता पूजन और आरती के साथ-साथ दीपोत्सव भी मनाया गया |
सैकड़ों के संख्या में मौजूद स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठजनों और युवाओं ने रंग और पुष्पों से सुसज्जित भारत के रेखाचित्र को दीपों से जगमगाते हुए भारतमाता की भव्य आरती की | एल.ओ.सी. के संयुक्त सचिव विनय रॉय ने सभी को स्वच्छता का संकल्प दिलाया |
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता श्रीमान अजय नारायण जी ने दीपावली के माहात्म्य को स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए सभी को समाज जागरण में लगने का आह्वान किया | उन्होंने कहा कि समाज में परिवर्तन तभी आ सकता है जब हम अपने चरित्र का निर्माण करेंगे और साथ ही उत्तम चरित्र वाले लोगों को भी तैयार करेंगे | “एक दीप से जले दूसरा, जलते दीप अनेक” पंक्ति के साथ उन्होंने कहा कि यह उत्तम चरित्र निर्माण की श्रंखला ही अपने भारत देश को पुनः विश्व में सर्वोच्च स्थान दिला सकती है |
ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष, कवि,लेखक और इंडियन वाइस २४ के प्रधान संपादक श्री राघवेन्द्र कुमार “राघव” ने कहा कि चीन षड्यंत्र कर भारतीय त्योहारों के जरिये बाज़ार और अर्थव्यवस्था को निशाना बना रहा है | चीन निर्मित सस्ती और कामचलाऊ चीज़ों से बाज़ार पटा हुआ है और उनकी चकाचौंध हमें खींच रही है, परन्तु इस षड्यंत्र से बचने की आवश्यकता है | राघवेन्द्र जी ने सभी को चीन निर्मित वस्तुओं के बहिष्कार का संकल्प दिलाया |
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आरएसएस के अनिल और शुभम तथा एल.ओ.सी. के शांतनु त्रिपाठी, पियूष शुक्ल, शिवम्, आलोक व शोभित के साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्त्ता और नागरिक उपस्थित रहे | कार्यक्रम का समापन सामूहिक वन्देमातरम गान से हुआ |
