सौभाग्य योजना के तहत अधिक से अधिक परिवारों को विद्युत कनेक्शन दिये जाये – डी0एम0

                  सौभाग्य योजना के अन्तर्गत गरीब परिवारों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन देने की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी ।
                 बैठक में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता प्रथम एवं द्वितीय को निर्देश दिये कि प्रति माह कैम्पों का आयोजन किया जाये और सौभाग्य योजना के तहत अधिक से अधिक गरीब परिवारों को कनेक्शन दिये जायें । उन्होने कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए प्रत्येक माह चार अभियान चलायें और विद्युत चोरी करने वालो के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाये । बैठक में जिलाधिकारी ने प्रथम व द्वितीय खण्ड के जेई से खण्डवार विद्युत कैम्प, कनेक्शन तथा बिल संशोधन आदि की जानकारी ली ।
                 बैठक में अधिशासी अधिकारी प्रथम ने बताया कि उनके खण्ड में 56 कैम्पों का आयोजन किया गया जिसमें 2676 फार्म प्राप्त हुए जिनमें से 737 परिवारों को कनेक्शन दिये गये तथा 136 बिलों का संशोधन किया । अधिशासी अभियंता द्वितीय ने बताया कि उनके खण्ड में जनवरी माह में 72 कैम्प आयोजित कर 3768 फार्म प्राप्त हुए जिनमें से 2703 परिवारों को कनेक्शन दिये गये तथा 78 बिलों का संशोधन कराया गया । बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित सभी जेई मौजूद रहे ।