प्रश्‍नपत्र लीक मामले में हिमाचल प्रदेश से तीन गिरफ्तार

दिल्‍ली पुलिस ने केन्‍द्रीय माध्‍यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई के 12वीं के अर्थशास्‍त्र के प्रश्‍नपत्र लीक मामले में हिमाचल प्रदेश से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मालूम हो कि 26 मार्च को होने वाली परीक्षा से दो दिन पहले अर्थशास्‍त्र का हस्‍तलिखित प्रश्‍नपत्र वॉट्सएप पर लीक कर दिया गया था। ये तीनों प्रश्‍नपत्र लीक मामले में सरगना थे और इन्‍हें दिल्‍ली लाया गया है। आज नई दिल्‍ली में विशेष पुलिस उपायुक्‍त, अपराध शाखा आर.पी. उपाध्‍याय ने बताया कि इन तीन लोगों में से एक ऊना जिला के डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्‍कूल का अध्‍यापक है, और जवाहर नवोदय विद्यालय में केन्‍द्र अधीक्षक था जबकि दूसरा व्‍यक्ति लिपिक और एक अन्‍य चपरासी है।

आरोपी केंद्र अधीक्षक को बैंक से कंप्‍यूटर साइंस का पेपर लेने का काम सौंपा गया था। इसने कंप्‍यूटर साइंस पेपर के साथ अर्थशास्‍त्री प्रश्‍न-पत्र का एक छोटा बंडल भी लिया था। अन्‍य दो आरोपियों ने अर्थशास्‍त्र के प्रश्‍न-पत्र की फोटो खींचकर अधीक्षक को भेजी थी। बाद में, प्रश्‍न-पत्र की हस्‍तलि‍खित प्रति वाट्सएप पर वायरल कर दी थी। इससे पहले पुलिस ने प्रश्‍न-पत्र लीक मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।