हरदोई : शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहलोली के पास कार ने एक महिला के टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। चालक कार छोड़ कर फरार हो गया।
सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम सैतियापुर निवासी मुन्नी (45) पत्नी चंद्रसेन काफी समय से अपने मायके शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरैया में रह रही थी। पुत्र रामचंद्र के अनुसार सैतियापुर में उसके ताऊ छविनाथ की मौत हो गई थी। बुधवार को उनकी तेरहवीं थी। जिसमें शामिल होने के लिए मां पैदल लिंक रोड तक जा रही थी। बहलोली गांव के पास कोल्ड स्टाेरेज के सामने पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें लेकर जिला अस्पताल आए, जहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।