ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवा की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

कछौना (हरदोई): कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा मतुआ के एक खेत में ट्रैक्टर की जुताई करते समय एक युवक की उस ट्रैक्टर की चपेट में आने से दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली कछौना की ग्रामसभा मतुआ में पप्पू गौतम के ट्रैक्टर से गांव के प्रभु के खेत में जुताई की जा रही थी जिसे गांव का ही पप्पू चला रहा था। इसी दौरान हाइड्रोलिक में कुछ तकनीकी खराबी आ गई जिसे पप्पू गौतम का 20 वर्षीय पुत्र आकाश ठीक करने लगा। इसी दौरान मानवीय भूल के चलते किसी तरह ट्रैक्टर चालू हो गया जिसमें आकाश चपेट में आ गया और उसके परखच्चे उड़ गए, उसका सिर व पैर बुरी तरह से चोटिल हो गया और जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। पप्पू व प्रभु भयभीत होकर मौके से भाग गए। आसपास के किसानों से परिजनों को सूचना प्राप्त हुई तो वे दौड़ते आए। युवा युवक की दुर्दशा देखकर मां गश खाकर बेहोश हो गई और पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।

गांव में हुई इस दुखद घटना से गांव वालों का तांता लग गया। पप्पू के दो लड़के हैं, पूरा परिवार दिल्ली में जीविकोपार्जन करता था। कुछ दिन पूर्व ही परिवार गांव आया था। जवान लड़के के खो जाने से परिवारीजन बदहवास हैं। सूचना मिलने पर लेखपाल अनूप शुक्ला व ग्राम प्रधान पति शैलेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे।


रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता