हरदोई– हरदोई पिहानी रोड पर कुरसेली तिराहा के पास तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की टक्कर लगने से सड़क पार कर रहे साइकिल सवार की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।
हरियावा थाना के अकबरपुर निवासी कामेश्वर शुक्रवार की शाम करीब 7 बजे हरियावा थाना के निकट 200 मीटर की दूरी पर साइकिल से सड़क पार कर रहा था। इसी बीच सामने से यूकेलिप्टस लाद कर जा रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कामेश्वर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में कामेश्वर को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। वहीं लोगों के मुताबिक कामेश्वर बहुत ही गरीब व्यक्ति था ।उसके मरने के बाद घर में आर्थिक स्थिति का भी संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस ने बढ़ाए मदद के हाथ
कामेश्वर की मौत के बाद परिजनों के पास अंतिम संस्कार करने के लिए भी धन नहीं है। इसकी जानकारी होने पर हरियावा ऐसओ फूलचंद सरोज व एसआई अनिल सिंह पंकज, राकेश वर्मा,सिपाही मदन सिंह शहीद संतोष पांडे ने 5 हजार नगदी देकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों की मदद की है। इसके लिए लोगों ने पुलिस की सराहना कर रहे है।