आतंक का पर्याय बदमाश रोमी हुआ गिरफ्तार, साथी फरार

हरदोई में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था शातिर,स्वाट व शहर कोतवाली की पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के माल गोदाम के पास से किया गिरफ्तार

              हरदोई- स्वाट टीम व शहर कोतवाली पुलिस ने 25 सालों से आतंक का पर्याय बने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है हालांकि उसका साथी भाग निकलने में सफल रहा।यह बदमाश शहर कोतवाली क्षेत्र में गत्ता व्यवसाई के साथ हुई 3 लाख की टप्पेबाजी में वांछित था और पूर्वी भारत के कई जिलों समेत बिहार के भी कई हिस्सों में जरायम की दुनिया मे पकड़ रखता था और मौजूदा समय मे बिहार में रहकर नेटवर्क फैलाये थे।यह शातिर हरदोई में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था जिसके बाद गिरफ्तार किया गया।
               गिरफ्तार बदमाश के बारे में जानकारी देते हुए एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि स्वाट टीम के इंचार्ज इंस्पेक्टर आलोक सिंह व शहर कोतवाली के दरोगा संजय शर्मा को जानकारी मिली कि 26 सितम्बर को शहर कोतवाली क्षेत्र में गत्ता व्यवसाई के साथ हुई 3 लाख की टप्पेबाजी में शामिल शातिर अपराधी रेलवे स्टेशन के पास के माल गोदाम के पास मौजूद है।इस सूचना पर दरोगा कयूम व सिपाहियों को लेकर टीम ने बताये गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी तो एक युवक गिरफ़्तार हो गया जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला।
             एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इसने अपना नाम बाराबंकी के थाना क्षेत्र कुर्सी के बेहड़पुर निवासी रोमी उर्फ रामशंकर उर्फ शंकर पुत्र अतरू बताया।एसपी के मुताबिक यह शातिर किस्म का अपराधी है और विगत 25 सालों से जरायम की दुनिया मे है।यह काफी समय भारत के पूर्वी भाग में सक्रिय था और इसने बहराइच बाराबंकी सुल्तानपुर फैजाबाद देवरिया लखनऊ आदि जिलों में कई घटनाओं अंजाम दिया था।एसपी ने बताया यह बिहार के कटिहार सासाराम पटना तक वर्षों से अपराध का जाल फैलाये था और मौजूदा समय मे बिहार में रह रहा था और हरदोई में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था।इसके पास से 45 हजार की नगदी तमंचा कारतूस आदि बरामद हुए है।