दीपक कुमार श्रीवास्तव, कछौना
- विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं से शिक्षण कार्य प्रभावित होने से परेशान छात्रों के सब्र का टूटा बांध
कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा कछौना स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में विगत कुछ महीनों से व्याप्त मूलभूत अव्यवस्थाओं की संबंधित अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का निस्तारण न होने के कारण शिक्षण कार्य प्रभावित होने से परेशान विद्यालय के बच्चे शुक्रवार को सड़कों पर उतर आए । बच्चों ने कस्बे के मुख्य चौराहे पर विद्यालय प्रबंधन व समाज कल्याण अधिकारी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया । मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया जिसके बाद बच्चों ने पैदल ही जिलाधिकारी कार्यालय हरदोई की ओर कूच की ।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज कछौना में बिजली, पानी, साफ-सफाई और पाठ्यक्रम की मूलभूत आवश्यकताओं के अभाव की मार पिछले कई महीनों से झेल रहे बच्चों का गुस्सा शुक्रवार की दोपहर फूट पड़ा । दर्जनों बच्चे एकजुट होकर विद्यालय की दहलीज को लांघते हुए सड़कों पर उतर आए और कस्बे के मुख्य चौराहे पर विद्यालय प्रबंधन व समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार पर लापरवाही व भ्रष्टता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया । प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने बताया कि विद्यालय में लगभग तीन महीनों से छात्रों के छात्रावास के कमरों की बिजली गुल है । विद्यालय में शुद्ध पेयजल उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण पूर्व में विद्यालय का एक छात्र संक्रमित होकर बीमार पड़ गया था । विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं है शौचालय चोक पड़े हैं और विद्यालय परिसर में बड़ी-बड़ी घास खड़ी हुई है । विद्यालय परिसर में खड़ी घास को कटवाने के लिए हाल ही में विभाग द्वारा लगभग डेढ़ लाख रुपए की धनराशि दी गई थी । मगर समाज कल्याण अधिकारी की भ्रष्ट कार्यशैली के चलते अभी तक घास नहीं कटवाई गई है । इसके अलावा बच्चों ने बताया कि अभी तक उन्हें पाठ्यक्रम भी उपलब्ध नहीं कराया गया है ।
बच्चों ने बताया कि विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं के लिए कई बार अधीक्षक व समाज कल्याण अधिकारी को अवगत कराया गया । लेकिन हर बार आश्वासन मिला और समस्या का निस्तारण नहीं किया गया । बच्चों ने बताया कि मूलभूत संसाधनों के अभाव में उनका शिक्षण कार्य बुरी प्रभावित हो रहा है । विद्यालय प्रबंधन व समाज कल्याण अधिकारी की लापरवाह व भ्रष्ट कार्यशैली के चलते मजबूरन हम छात्रों को सड़कों पर उतरना पड़ा है । प्रदर्शन के दौरान समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को आश्वासन देते हुए समझाने बुझाने का प्रयास किया परंतु बच्चों ने प्रदर्शन जारी रखा । सूचना पर पहुंची कोतवाली कछौना पुलिस ने बच्चों को समझा-बुझाकर शांत कराया जिसके बाद विद्यालय के दर्जनों बच्चों ने जिलाधिकारी को समस्याओं से अवगत कराने की बात कहते हुए जिलाधिकारी कार्यालय की ओर पैदल ही कूच कर दी ।
विद्यालय के अधीक्षक ऐश्वर्य ने बताया कि विद्यालय के छात्रों की समस्याएं जायज हैं, पाठ्यक्रम व यूनिफॉर्म के लिए विभाग के निदेशक को कई बार सूचित किया जा चुका है मगर विभाग द्वारा अभी तक छात्रों को यह चीजें उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं । विद्यालय प्रबंधन द्वारा जल्द से जल्द छात्रों की इन समस्याओं के साथ-साथ अन्य समस्याओं का भी निराकरण किया जाएगा ।