स्रोत- प्रसार भारती :
महाराष्ट्र में मुंबई पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति पर महानगर में प्रवासी मजदूरों को विरोध के लिए भड़काने का आरोप है। इस व्यक्ति की पहचान विनय दुबे के रूप में की गयी है। आरोप है कि उस के उकसाने पर ही कल लगभग एक हजार प्रवासी मजदूर बांद्रा स्टेशन पर जमा हो गए थे। विनय दुबे ने नोवेल कोरोना वायरस के मद्देनजर लॉकडाउन के बावजूद लोगों को एकत्र होने के लिए उकसा कर इस महामारी के अधिक फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न कर दिया था।
दुबे को देर रात नवीं मुंबई में हिरासत में लिया गया। बाद में उसे मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। दुबे पर भारतीय दंड संहिता और महामारी अधिनियम के तहत कई आरोप लगाए गए हैं। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। एक अन्य घटनाक्रम में रेल सेवाएं फिर शुरु होने की झूठी खबर फैलाने के आरोप में न्यूज चैनल के संवाददाता के नाम प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने अखबारों में विज्ञापन देकर प्रदेश के लोगों से लॉकडाउन के दौरान महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में ही रहने की अपील की है। उत्तर प्रदेश ने महाराष्ट्र में फंसे लोगों के लिए नितिन गोकर्ण को प्रशासनिक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। उनसे संपर्क के नम्बर है- 7007304242 और0522-2234654 ।