अरवल क्षेत्र में सरसों के खेत में 5 फरवरी को मिले युवती के शव की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इसमें मृतका के स्वजन ही हत्यारे निकले हैं।
युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो अन्य जाति से था और परिवार के लोग भी उसे पसंद नहीं करते थे। उन्होंने लोकलज्जा के डर से ऑनर किलिंग की वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने किशोर समेत तीन आरोपितों को गिरिफ्तार कर लिया है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त किया गया आला कत्ल व अन्य सामान बरामद कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मृतका के गले में कसा हुआ दुपट्टा, एक काले रंग का पर्स, टूथब्रश, कंघी व शीशा, एक टूटी हुई चैन बरामद की है।
अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव में युवती पूजा का शव पड़ा खेत में मिला था। शव मिलने के बाद पिता कलेक्टर की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही 4 लोगों पर मामला दर्ज किया और जाँच शुरू कर दी। इसके बाद एडिशनल एसपी दुर्गेश कुमार सिंह के नेतृत्व में जाँच कर रही पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने एक किशोर समेत दलवीर और भैयालाल को गिरिफ्तार किया। पुलिस की जाँच में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है।
बताते चलें कि पूजा का प्रेम प्रसंग गांव के ही गैर बिरादरी के कमलेश से चल रहा था। जिससे उसके परिजन नाराज थे और उसको उन्होंने काफी समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी युवती नहीं मानी तो परिजनों ने उसकी हत्या कर दी। इससे पहले युवक पूजा को भगा कर ले गया था। जिसको पुलिस ने बरामद किया और न्यायालय में बयान के बाद 30 जनवरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद फिर कमलेश ने गांव के ही कृष्ण कुमार, रामविलास, गोलू और नंदराम पर आरोप लगाया कि यह सभी पूजा को बहला -फुसलाकर ले गए। फिर उन्होंने हत्या कर शव को सरसों के खेत में फेंक दिया। जिसमें पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। जिसमें युवती के फूफा अनुपम ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उनके साले कलेक्टर की लड़की को लोक लज्जा के खातिर उसके घरवालों ने ही मार डाला है। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि लोक लज्जा के खातिर उन्होंने पूजा की गला दबाकर हत्या कर दी। जिसमें विपक्षियों को फंसाने के लिए उनके विरुद्ध मामला दर्ज कर दिया।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि 5 फरवरी को एक युवती का शव सरसों के खेत में पड़ा मिला था। जिसमें घटना का स्थलीय निरीक्षण किया गया तो गला दबाकर युवती की हत्या होना प्रतीत हुआ। जिसमें ऑनरकिलिंग का मामला सामने आया है और उसके स्वजन ही हत्यारे निकले हैं। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए किशोर समेत 3 लोगों को गिरिफ्तार कर जेल भेज दिया है।