प्रयागराज। शैक्षणिक संस्था ‘हिन्दी-संसार’ की ओर से आयोजित पंचदिवसीय सारस्वत समारोह का उद्घाटन १९ जून को सलोरी, (ईश्वरशरण बालिका विद्यालय के पीछे, पानी की टंकी के पास), प्रयागराज-स्थित संस्था के सभागार मे पूर्वाह्न ११ बजे से किया जायेगा।
संयोजक डॉ० अशोक स्वामी ने बताया है कि व्याकरणवेत्ता एवं भाषाविज्ञानी आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की अध्यक्षता मे आयोजित समारोह मे काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व-आचार्य प्रो० बलराज पाण्डेय मुख्य अतिथि होँगे। वे ‘हिन्दी-काव्य और कहानी’ विषय पर व्याख्यान करेँगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप मे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व-हिन्दीविभागाध्यक्ष प्रो० मुश्ताक अली ‘हिन्दी-निबन्ध की प्रकृति और प्रवृत्ति’ पर अपना विचार प्रकट करेँगे। वसंत पी० जी० कॉलेज, वाराणसी की पूर्व-हिन्दी-आचार्य प्रो० शशिकला त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि के रूप मे ‘हिन्दी-साहित्य मे आलोचना की अवधारणा’ पर प्रकाश डालेँगी। साहित्य-मर्मज्ञ डॉ० अशोक स्वामी ‘हिन्दी-साहित्य का इतिहास’ पर वक्तव्य देँगे। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन मे आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय ‘हिन्दी-साहित्य मे शब्दानुशासन की महत्ता’ विषय पर विद्यार्थियोँ का ज्ञानवर्द्धन करेँगे।