डॉ. पृथ्वीनाथ पाण्डेय का नोटा के पक्ष में पत्र

● नोटा नोटा नोटा
देश के सम्मानित बुद्धिजीवीगण!
वर्तमान मनबढ़ राजनीति को आईना दिखाने का अब समय आ गया है। बिना किसी परिणाम की चिन्ता किये आगामी चुनावों में ‘नोटा’ का बटन दबाकर अपनी उपस्थिति अनिवार्यत: अंकित करायें। सभी राजनीतिक दल जाति-वर्ग-धर्म में हमारे ‘राष्ट्रवाद’ को विभाजित करना चाहते हैं। हमने ऐसा ‘एक मन’ होकर कर दिखाया तो देश की राजनीति ‘काँप’ उठेगी।

विभ्रम और संशय की चादर उतार फेंकिए और अपने संवैधानिक अधिकार ‘नोटा’ का बटन दबाकर एक जागरूक मतदाता का परिचय दीजिए, अन्यथा देश के बिगड़ैल नेता ‘आवारा साँढ़’ की तरह से ‘प्लास्टिक सर्जरी’ की हुई ‘लोकतन्त्रीय मर्यादा’ को तार-तार करके रख देंगे।
आइए! हम ‘मनसा-वाचा-कर्मणा’ संकल्प धारण करें :—
★ आगामी चुनावों में हम तब तक ‘नोटा’ का बटन दबाते रहेंगे जब तक देश की जनता के साथ एक-जैसा व्यवहार नहीं किया जाता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा नहीं की जाती।
सहयोग-भाव के प्रति नमित
डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
१९ सितम्बर, २०१८ ईसवी