● सांड़ के हमले से वृद्ध का फटा पेट, हुई मौत, आवारा-छुट्टा पशुओं को लेकर नगरवासियों में आक्रोश।
कछौना (हरदोई): कस्बे के मुख्य मार्गों पर छुट्टा जानवर अब नगरवासियों की जान लेने को उतारू हो गये हैं। इस घुमंतू आवारा जानवरों को लेकर शासन- प्रशासन सिर्फ डींगें हांकने भर को है, हकीकत कुछ और ही बयां हो रही है।
रविवार की सुबह एक वृद्ध इन्हीं आवारा एवं धुमन्तू जानवरों का शिकार हो गया। नगर के मोहल्ला रेलवेगंज में मुन्नी देवी पत्नी लल्लन के पिता कामाख्या प्रसाद निवासी हेमनखेड़ा मजरा हथौड़ा को एक आवारा सांड़ ने अपने सींगों से घायल कर उसका पेट फाड़ दिया जिससे उस वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक वृद्ध सुबह घर से बाहर गये थे, वापस आते समय मालगोदाम के निकट हुई घटना। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नगर में आवारा एवं घुमंतू जानवरों को लेकर वृहद गौशाला हेतु नगर पंचायत में शासन से धनराशि निर्गत होने के बावजूद भी नगर पंचायत द्वारा ध्यान न देने के कारण धनराशि डंप पड़ी हुई है, जिसके कारण कस्बे के मुख्य मार्गों पर छुट्टा जानवर घूमते रहते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। छुट्टा जानवरों की समस्या के संदर्भ में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा कोई सार्थक उत्तर नहीं दिया जाता है। इस ज्वलंत समस्या को लेकर नगरवासियों में शासन-प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश है।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता