कछौना (हरदोई): स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के तहत नगर को आदर्श नगर बनाने के लिए “नगर पंचायत प्रत्येक बुधवार – आपके द्वार” मुहिम के तहत वार्ड संख्या 7 तिलकनगर के तहत कुशीनाथ मंदिर प्रांगण में पहुंचकर नगर पंचायत टीम ने आम जनमानस को स्वच्छता अभियान के तहत जागरूक किया।
अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव ने नागरिकों से अपील की कि नगर को साफ सुथरा बनाने में आपकी भागीदारी अहम है। सभी को अपने आसपास का परिवेश साफ सुथरा व स्वछ रखने व खुले में शौच मुक्त रखने की सलाह दी। जिन घरों में शौचालय नहीं है वह व्यक्तिगत प्रयास करके अपनेघरों में शौचालय बनवा लें। विवेक मिश्रा सफाई नायक को कड़ा निर्देश दिया कि प्रत्येक घर-घर जाकर कूड़ा लेना है। वार्ड की गलियों में कहीं भी कूड़े के ढेर नहीं नजर आने चाहिए। प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करें, क्योंकि गंदगी हमारे मस्तिष्क पर गलत प्रभाव डालती है। वही हमारा स्वास्थ्य भी खराब होता है। कुछ नागरिकों द्वारा बताया गया कि कुछ स्थानों पर नालियां टूट चुकी हैं, जिससे जल निकासी समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती है। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कहा कि सभासदों के प्रस्ताव पर नाली निर्माण कार्य कराया जाएगा । वार्ड में कई इंडिया मार्का नल खराब पड़े हैं। जिन्हें चिन्हित कर गर्मी के मौसम से पहले ठीक कराए जाएंगे जिससे लोगों को पेयजल का संकट का सामना ना करना पड़े। खराब नलों की जानकारी नगर पंचायत में दिए जानें की बात कही गई।
अधिशासी अधिकारी ने सभी नगरवासियों से अपील की आप लोग समय पर गृहकर एवं जलकर अवश्य जमा करें। जिससे नगर के विकास कार्यों को प्रमुखता से कराया जा सके। वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, राशन कार्ड से वंचित लाभार्थी अपना आवेदन भरकर कार्यालय में जमा करें। ऐसे कार्य प्रमुखता से कराए जाएंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी, सभासद अरविंद वर्मा उर्फ कुक्कू, ब्रह्म कुमार सिंह, छोटे शर्मा, अभय सिंह, लिपिक जे बी सिंह और मालिक ट्रेडर्स के विवेक मिश्रा सहित वार्ड के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
खबर- पी.डी. गुप्ता