गुजरात में लगातार छठी बार भाजपा की सरकार

भारतीय जनता पार्टी लगातार छठी बार कांटे की टक्कर के बाद गुजरात में सत्ता कायम रखी है । वहीं हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस की सत्ता को उखाड़ फेंका है । हिमाचल में बीजेपी को अपार सफलता मिली है, जहां उसकी दो- तिहाई से कुछ ही सीटें कम हैं । पार्टी ने गुजरात में 99 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो 182 सदस्यीय विधानसभा में पूर्ण बहुमत से सात सीट अधिक है। कांग्रेस को 77 सीटों पर विजय मिली है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने एक तथा भारतीय ट्राइबल पार्टी ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। तीन सीटों पर निर्दलीय जीते हैं।

विजयी उम्मीद्वारों में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल शामिल हैं, लेकिन विजय रूपाणी सरकार के छह मंत्री चुनाव हार गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष रामलाल वोरा भी चुनाव हार गए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता परेश धनानी अमरेली से फिर जीत गए हैं। कांग्रेस ने पाटीदार बहुल बापूनगर सीट भाजपा से छीन ली है, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल, अर्जुन मोडवाडिया तथा सिद्धार्थ पटेल चुनाव हार गए हैं। सत्तारुढ भाजपा ने गुजरात में लगातार छठी बार विधानसभा चुनाव जीतकर नया इतिहास बनाया है। पिछले ढाई दशक में पहली बार कड़े मुकाबले वाले इस चुनाव में पार्टी ने बहुमत पाने में सफलता पाई है। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने पत्रकारों को कहा कि यह विजय कांग्रेस के जातिवाद के सामने भाजपा के विकास का विजय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद का फैसला पार्टी का केंद्रीय संसदीय बोर्ड करेगा। कांग्रेस के प्रदेश नेता चुनाव हार चुके हैं।