भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री व विवादों का शायद चोली दामन का साथ है इसीलिए उन पर आये दिन कोई ना कोई आरोप लगता ही रहता है और हाल फिलहाल यह सिलसिला रुकने का नाम नही ले रहा है। बीते कुछ दिनों पूर्व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्री शास्त्री पर शिक्षा विभाग के भ्रष्टाचारियों से मिले होने का आरोप लगाकर उनका दो बार पुतला फूंका था तो वही भाजपा के सभासद मनोज त्रिवेदी ने भी उन पर भ्रष्टाचार करने तथा भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पुतला फूंका था जिसके बाद पार्टी व जिलाध्यक्ष की काफी किरकिरी हुई थी।
भाजपा जिलाध्यक्ष पर एक और सनसनीखेज आरोप बिलग्राम के नेकपुर नेवादा पोस्ट जरौली निवासी श्यामप्रकाश पुत्र हरिशंकर, सिद्ध सागर पुत्र शिवप्यारे, अवधेश कुमार पुत्र घनश्याम व सन्नो गुजराती पत्नी श्यामप्रकाश ने लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि वह भाजपा के कार्यकर्ता है और उनका जरौली कला निवासी कृष्ण कुमार बाजपेयी से भूमि विवाद चल रहा है जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ितों के अनुसार 21 मई दिन सोमवार को जरौली कला निवासी कृष्ण कुमार बाजपेयी, श्याम बाजपेयी, चंद्रप्रकाश, वेदप्रकाश, माशूक अली, अनवारुल व मासूम अली सहित करीब 20 से 25 लोग दोपहर एक बजे कई गाड़ियों से आये और असलहे लहराते हुए इमारत को गिरा दिया।
पीड़ितों के अनुसार जब उक्त दबंगों को अरविंद पुत्र अमरनाथ ने ऐसा करने से रोका तो उसकी सिर पर रिवाल्वर रखकर उसे जान से मार देने की धमकी देते हुए दबंग पुलिस के वंहा से पहले मौके से चले गए। पीड़ितों का कहना है कि विपक्षी कृष्ण कुमार बाजपेयी खुद को भाजपा जिलाध्यक्ष का दामाद बताता है और भाजपा जिलाध्यक्ष द्धारा एक बार 28 जनवरी को साजिशन उनकी जमीन पर बने निर्माण को गिराने का प्रयास किया गया था जिसकी शिकायत संगठन मंत्री सुनील बंसल से भी की गयी थी। शिकायत के बाद कुछ दिनों तक मामला शांत रहा लेकिन सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष की शह पर उक्त दबंगो ने उसकी इमारत को गिरा दिया गया।