जल शक्ति मिशन के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी के लिए भूमि की पैमाइश करने गयी टीम पर हमला

हरदोई– हरपालपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत भुसेहरा में जल शक्ति मिशन के तहत प्रस्तावित पानी की टंकी के लिए जमीन की पैमाइश कराने पहुंचे प्रधान पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गए। 

भुसेहरा ग्राम पंचायत के प्रधान संदीप कुमार ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि जल शक्ति मिशन के तहत पानी की टंकी प्रस्तावित है। वह राजस्व विभाग की टीम को लेकर पैमाइश करने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रधान, लेखपाल और कानूनगो पर कब्जेदारों ने हमला बोल दिया। इसका एक वीडियो सामने आया है। प्रधान ने आरोप लगाया कि टंकी बनाने के लिए जमीन की पैमाइश होनी थी, जिसके लिए वो लोग गए थे। इस दौरान सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले लोगों ने हमला बोल दिया। ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले दबंगों ने पैमाइश नहीं होने दी। राजस्व विभाग की टीम ने जमीन खाली करने के लिए कहा तो इसी बात से नाराज दबंगों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। सरकारी अभिलेख फाड़ने का भी आरोप लगाया है। 

पीड़ित प्रधान ने मामले की शिकायत की है। वह इस मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों ओर से मामले में झड़प हुई थी, जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लायी जाएगी।