बाइक सवार लुटेरे ने महिला से बीस हजार रुपए लूटे

टडियावाँ- मंगलवार की अपरान्ह बैंक से पैसे निकाल कर घर जा रही महिला से बाइक सवार बड़ी सहजता से रुपए छीनकर चम्पत हो गए।
मंगलवार को समय लगभग चार बजे कस्बा निवासी सावित्री 70 पत्नी स्व. प्रेमसुख अपने इलाज के लिए कस्बा स्थित सेण्ट्रल बैंक शाखा लिलवल से अपने खाते से 20,000 रुपए निकाल कर ब्लॉक के पास स्थित पैदल अपने आवास जा रही थी। उसी समय सी. एच. सी. गेट के सामने पहुंचते ही पीछे से दो बाइक सवार पहुंचे। एक ने महिला के ऊपर थूक दिया और बोला किसी ने आपके ऊपर थूक दिया है। ऐसा सुनकर महिला झोले को पैरों के बीच दाबकर खुद को देखने लगी। इसी बीच पीछे बैठा व्यक्ति झोला छीनकर बाइक पर बैठ सहजता से हरदोई तरफ रवाना हो गए। जब तक लोग महिला के पास तक पहुंचते दोनों फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोपाल नरायन सिंह एवं डायल 100 मौके पर पहुँचे। महिला ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस कुछ कर पाती, उससे पहले लुटेरे चम्पत हो चुके थे। घटना की तहरीर महिला के पौत्र चन्दन पुत्र श्याम बाबू ने पुलिस को दी है।