बेनीगंज/हरदोई- जिला अधिकारी के आदेशों को दरकिनार कर ठीकेदार प्रशासन को ठेंगा दिखा रहे हैं। विकासखंड अहिरोरी मे 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग के अन्तर्गत आने वाले संपर्क मार्ग घनश्याम नगर-बरौली-गोवर्धनपुर पर वर्षों से बरौली गांव के बाहर क्षतिग्रस्त पड़ी पुलिया का मरम्मत-निर्माण कार्य ठीकेदार के द्वारा कराया जा रहा हैं। लेकिन निर्माण कार्य निर्धारित मापदंड के तहत नहीं कराया जा रहा हैं। जिससे वहां के ग्रामीणों में रोष व्याप्त हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि यहां क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। मानकविहीन सामग्री व पीला ईंटा का उपयोग किया जा रहा है। जबकि शासन-प्रशासन की ओर से साफ तौर पर दिशा-निर्देश हैं कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ख्याल रखा जाए। यहां कार्य करा रहे और स्वयं को ठीकेदार बताने वाले रवि शुक्ला ने निर्माण कार्य को लेकर माना कि कहीं-कहीं मानकविहीन कार्य हुआ है जो सुधारा जाएगा। नजदीक के ग्राम गोवर्धनपुर के ग्रामीणों ने बताया गांव में बनी आरसीसी रोड व नालीनिर्माणकार्य में घटिया किस्म सामग्री के उपयोग करने पर आपत्ति भी जतायी गयी थी, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर मौके पर मौजूद ठीकेदार, कर्मचारी अपने काम में लगे रहे।
गोवर्धनपुर के गांव के ग्रामीण बताते हैं कि कार्य के प्रारंभ से ही यही स्थिति है। काम की स्थिति को देखने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसी बात का फायदा उठाकर ठीकेदार द्वारा निर्माण कार्य मे मनमानी बरती गई है। मानकविहीन सामग्री और पीला ईंटा का उपयोग कर नालीनिर्माण-कार्य कराया गया है। निर्माणाधीन नाली अभी से टूट रहीं हैं, जबकि सही ढंग से पानी की तराई नहीं किए जाने से कुछ स्थानों पर दरार दिखने लगी हैं।
बरौली गांव के ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि पुलिया के मरम्मत और निर्माणकार्य की समीक्षा करने कोई नहीं आता। यही कारण है कि जो मौके पर ठीकेदार के कर्मचारी काम करा रहे हैं वह मनमानी पर उतारू है। जिसे लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि यहां पुलिया का निर्माण घटिया सामग्री से हो रहा है, जिसकी बानगी अभी से सीमेंट झड़ने के साथ नजर आने लगी हैं। यहां न तो पानी की तराई का ध्यान रखा गया और न ही सामग्री का। जबकि उच्च क्वालिटी की सामग्री के साथ निर्माण कार्य को करना चाहिए, लेकिन ठीकेदार ने ऐसा नहीं किया।
ग्रामीणो ने एक स्वर में अपनी आवाज बलंद करते हुए जनपदीय शासन-प्रशासन से मांग की है कि कमजोर पुलिया के बदले में मजबूत पुलिया का निर्माण कराया जाए। इस पुलिया के ऊपर से अधिक भार लेकर बड़े-बड़े वाहनों का आवागमन दिन-रात लगा रहता है। जिसे देखते हुए उक्त पुलिया को मजबूती निर्मित कराया जाए।
ठीकेदार रवि शुक्ला का कहना है कि विभाग की तरफ से आदेश है कि 84 कोसीय परिक्रमा संपर्क मार्ग मे क्षतिग्रस्त पुलिया, नाली निर्माण, रोड की मरम्मत कार्य समय से कराए जायें। इसलिए हम काम करा रहे हैं। जहां कार्य घटिया किस्म का हुआ है उस पर सुधार किया जाएगा।
इस मामले पर जे०ई० शेखर चंद्र जोशी ने कहा कि हमे मामले की जानकारी है। एक हफ्ते पहले वहां जाकर वर्षों से पड़ी क्षतिग्रस्त पुलिया व निर्माणकार्य की जानकारी जुटाई थी। पुलिया निर्माण में मानकविहीन सामग्री लग रही है तो उसको तत्काल रोकवाकर मानकानुसार कार्य कराया जाएगा। कार्य में पीला ईंटा का उपयोग नहीं होगा।