कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में कोरोना काल के दौरान 24 सप्ताह की पैरोल पूरा होने के बाद जिला कारागार से रिहा बंदी हाजिर नहीं हो रहे हैं। जिला कारागार कौशाम्बी से रिहा बंदियों की वापसी न होने से जेल व पुलिस प्रशासन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद विशेष सचिव ने पुलिस महा निदेशक कारागार को पत्र भेज पैरोल पर छोडे गए बंदियों को वापस कराए जाने का फरमान जारी किया है।
कोराना काल के दौरान कौशाम्बी जिला कारागार ने कुल 19 बंदियों को 24 सप्ताह की पैरोल पर रिहा किया था। रिहाई का समय पूरा होने के बाद भी अब तक 6 बंदी ही जेल वापस गए हैं। कौशाम्बी के दस व प्रयागराज के तीन बंदियों ने अब भी जेल में वापसी नहीं कराई है। ऐसे में जेल प्रशासन व पुलिस प्रशासन की मुसीबत बढ़ गई है। विशेष सचिव प्रदेश सरकार ने पुलिस महानिदेशक कारागार को पत्र भेज तीन दिन के भीतर पैरोल पर छोड़े गए बंदियों की वापसी कराने का फरमान जारी किया है। जेल अधीक्षक बीएस मुकुंद ने बताया कि बंदियों की वापसी के लिए संबधित थानेदारों को पत्र भेजा जा चुका है।
कौशाम्बी से एम डी मौर्य के साथ विजय करन जी की रिपोर्ट