प्राथमिक विद्यालय की रसोई में गैस सिलेंडर लीकेज के चलते लगी आग, अध्यापिका की हिम्मत से बड़ा हादसा टला

               कछौना (हरदोई) – कोतवाली कछौना के अंतर्गत विकासखंड कछौना के प्राथमिक विद्यालय बनियनखेड़ा में बुधवार सुबह रसोईया द्वारा दूध गर्म करते समय गैस लीक होने के कारण गैस सिलेंडर में आग लग गई l आग लगने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई l इंचार्ज अध्यापक सीमा व ग्रामीणों की मदद से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया l जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया l ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने की घटना से नौनिहाल काफी देर तक सहमे रहे l रसोईया रामप्यारी व शिवरानी भी घबरा गई थी l  ग्रामीणों के अनुसार कुछ वर्ष पूर्व भी प्राथमिक विद्यालय बनियन खेड़ा में आग लग गई थी।
             प्राथमिक विद्यालय बनियन खेड़ा की इंचार्ज अध्यापक ने घटना की सूचना खंड शिक्षा अधिकारी को दी l जिसपर खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने विद्यालय जाकर घटनास्थल का जायजा लिया l इस बाबत जब खंड शिक्षा अधिकारी से आग लगने के कारणों के संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया की रेगुलेटर से गैस लीक होने के कारण गैस सिलेंडर आग लगी l इंचार्ज अध्यापक ने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों की मदद द्वारा समय रहते आग पर काबू पा लिया गया l आग लगने से कोई भी नुकसान नहीं हुआ है l भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना ना हो इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्होंने इंचार्ज अध्यापक को रेगुलेटर बदलवाने और रसोई में गैस सिलेंडर के प्रयोग दौरान आग बुझाने के संसाधन पास रखने के निर्देश दिए हैं l

अग्नि शमन व्यवस्था की खुली पोल


                  विकासखंड कछौना के अधिकांश प्राथमिक विद्यालयों में आग से सुरक्षा के लिए अग्निशमन के संसाधन (रेत की बाल्टी, अन्य उपकरण) मौजूद नहीं है l कुछ विद्यालयों में अभी तो वह शोपीस बने हुए हैं l सरकार द्वारा विद्यालयों में मिड डे मील तो बनवाया जा रहा है पर आग से सुरक्षा के इंतजाम नहीं मुहैया कराना गंभीर समस्या है l