किताब में बारहा मेरा नाम आया भी होगा

डॉ. रूपेश जैन ‘राहत’-

मचलती तमन्नाओं ने आज़माया भी होगा

बदलती रुत में ये अक्स शरमाया भी होगा ।

पलट के मिलेंगे अब भी रूठ जाने के बाद

लड़ते रहे पर प्यार कहीं छुपाया भी होगा ।

अंजाम-ए-वफ़ा हसीं हो यही दुआ माँगी थी

इन जज़्बातों ने एहसास जगाया भी होगा ।

सोचना बेकार जाता रहा बेवजह के शोर में

तुम आये हो तो किसी ने बुलाया भी होगा ।

किस तरह अब आकर तुम से मिल जाऊँ

तुझे हाल-ए-दिल किसी ने बताया भी होगा ।

छुप छुप के सबसे, पढ़ता है कोई बार बार

किताब में बारहा मेरा नाम आया भी होगा ।

ये उलझी हुई कहानी यूँ बोल न पड़े ‘राहत’

उसने मेरी याद का दिया जलाया भी होगा ।