एच डी कुमार स्‍वामी ने कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री के रूप में आज शपथ ग्रहण की

जनता दल सेक्‍युलर के नेता एच डी कुमार स्‍वामी ने कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री के रूप में आज शपथ ग्रहण की। राज्‍यपाल वजुभाई वाला ने विधान सौध में उन्‍हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एच डी कुमारस्‍वामी को मुख्‍यमंत्री और डा. परमेश्‍वर को उपमुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने दोनों को कार्यकाल पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं। केन्‍द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भी श्री कुमारस्‍वामी और डॉ. परमेश्‍वरम को बधाई दी है।

श्री कुमार स्‍वामी दूसरी बार कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री बने हैं। कांग्रेस के नेता जी परमेश्‍वर ने उपमुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली है। कुमार स्‍वामी मंत्रिमंडल में 22 मंत्री कांग्रेस के और मुख्‍यमंत्री सहित 12 जनता दल सेक्‍युलर के होंगे। इस अवसर पर यूपीए अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, कई गैर भाजपा शासित राज्‍यों के मुख्‍यमंत्री और कुछ क्षेत्रीय पार्टियों के अध्‍यक्ष उपस्थित थे। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने आज जनमत विरोधी दिवस मनाया और राज्‍य भर में विरोध प्रदर्शन किया।