सी०बी०एस०ई० की बारहवीं कक्षा के एकाउण्टेंसी का प्रश्नपत्र कैसे ‘लीक’ हुआ?

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय


बारहवीं कक्षा के ‘एकाउण्टेंसी’ विषय का प्रश्नपत्र परीक्षा से पूर्व ही ‘लीक’ होने की जानकारी आते ही परीक्षाभवन से बाहर आये परीक्षार्थियों में क्षोभ व्याप्त हो गया। ‘लीक’ हुए प्रश्नपत्र और मूल प्रश्नपत्र के अन्तर्गत किये गये प्रश्नों में कोई अन्तर नहीं था, जिसे परीक्षार्थियों ने पुष्ट कर दिया है। इसका प्रमाण भी सामने आ चुका है, जबकि सी०बी०एस०ई० के अधिकारी इससे अब भी इंकार कर रहे हैं।

आज जब विद्यार्थी परीक्षा दे रहे थे तब उन्हें मालूम नहीं था कि उक्त विषय का प्रश्नपत्र तो कबका ‘लीक’ हो चुका था। अब सी०बी०एस०ई० के पास कोई बहाना नहीं है। जो विद्यार्थी पूर्ण तन्मयता के साथ परिश्रम कर, परीक्षा दिये हैं, उनके परिश्रम के साथ घोर अन्याय किया है। ‘मुक्त मीडिया’ के माध्यम से यह प्रश्नपत्र’ प्रसारित कर दिया गया था। इससे देश की शीर्षस्थ केन्द्रीय शैक्षिक प्रतिष्ठान ‘सी०बी०एस०ई०’ की विश्वसनीयता सन्दिग्ध बन चुकी है। अब उक्त कृत्य को गम्भीर अपराध की कोटि के अन्तर्गत रेखांकित करते हुए, समबन्धित प्रबन्धन-तन्त्र के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।