दीपक कुमार श्रीवास्तव :
● शराब माफियाओं में मचा हडकंप, 5 अभियोग हुये पंजीकृत ।
कछौना (हरदोई)। अवैध शराब के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी टीम ने गुरुवार को जिलाधिकारी पुलकित खरे के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर के नेतृत्व में जनपद के अतरौली और कछौना थाना क्षेत्रों के कई स्थानों पर छापेमारी की । इस दौरान आबकारी टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब बरामद करते हुए बरामद लहन को मौके पर नष्ट कराया गया तथा पाँच लोगों के विरोध आबकारी अधिनियम के अंतर्गत संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया।
बताते चलें कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों गांवों में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का व्यवसाय कुटीर उद्योग के रूप फल-फूल रहा है। जनपद में अवैध शराब के काले कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत गुरुवार को आबकारी टीम ने कोतवाली कछौना क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुर और अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिथानखेड़ा तथा ढिकुन्नी में अवैध कच्ची शराब के निर्माण एवं बिक्री के संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर लगभग 70 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 1400 किलोग्राम लहन बरामद किया। आबकारी टीम द्वारा अवैध कच्ची शराब को कब्जे में लेकर लहन को मौके पर नष्ट कराया गया। वही जगदीश पुत्र श्यामशुन्दर, गयाप्रसाद पुत्र बसंत निवासी ढिकुन्नी एवं रामप्रसाद पुत्र रामसेवक,छोटक्के पुत्र मूलचंद्र निवासी पिथानखेड़ा थाना अतरौली सहित एक अज्ञात के विरुद्ध कुल 5 अभियोग आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दर्ज किये गए। आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान से क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब का काला कारोबार कर रहे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। आबकारी निरीक्षक दिलीप वर्मा ने बताया कि कच्ची शराब पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलता जारी रहेगा। अवैध शराब का कारोबार करने वाले माफियाओं को किसी भी दशा में बक्शा नहीं जाएगा।
दबिश के दौरान आबकारी टीम में आबकारी निरीक्षक संडीला दिलीप वर्मा, हेड कांस्टेबल राम प्रकाश, जितेंद्र गुप्ता, उपेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल राजेश वर्मा व पंकज कुमार मौजूद रहे।