बालिका हत्याकांड की सुई घूम रही परिजनों के इर्द-गिर्द, मां व चाचा से पुलिस कर रही कड़ाई से पूछ-ताछ

हरपालपुर (हरदोई)- क्षेत्र के करनपुर मतनी गांव मे एक सात वर्षीय छात्रा की गला रेत कर निर्मम हत्या कर दी गयी थी। गुरुवार की सुबह गांव के बाहर  करीब 400 मीटर दूर  यूकेलिप्टस  के बाग के पास  खून से लथपथ बालिका का शव बरामद हुआ था। घटना के खुलासे में जुटी पुलिस को अभी तक कोई ठोस क्लू हाथ नहीं लग सका है।

पुलिस ने मृतका की मां और उसके चाचा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। चर्चा है कि कहीं मृतका के परिजनों ने तो नहीं तंत्र मंत्र के चक्कर में मौत के घाट उतार दिया। कोतवाली क्षेत्र के करनपुर मतनी गांव में अपनी मां के साथ सो रही बच्ची साहिबा को अज्ञात हत्यारे अगवा कर खेतों पर ले जाकर उसकी गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतका की मां अजनबी की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के कारणों का खुलासा ना होने के कारण पुलिस गुनहगारों तक नहीं पहुंच पा रही है। हालांकि देर शाम तक पुलिस मृतका के परिजनों से ही पूछताछ करती रही। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीण तंत्र मंत्र के चक्कर में हत्या किए जाने का अनुमान लगा रहे हैं। उधर परिजन गांव के किसी भी व्यक्ति से रंजिश होने से साफ इंकार कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया मामले में पूछताछ की जा रही है। घटना का कारण स्पष्ट न होने के कारण खुलासे में देरी हो रही है। नवागत कोतवाल के लिए घटना का खुलासा चुनौती बना हुआ है।