मां-बाप ही बन गए थे दो बहनों की जान के दुश्मन, दम्पति को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

             हरियांवा में 25 दिन पहले दो सगी बहनों की मौत के मामले का राजफास हो गया।उनकी मौत का कारण कोई और नही बल्कि उनके अपने ही जन्म देने वाले माता पिता ही निकले। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दोनों बहनों के शव एक ही दुपट्टे में फांसी के फंदे पर लटकते मिले थे। मामले में गांव के ही एक बीडीसी की तहरीर पर दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
             मामला हरियांवा थाना क्षेत्र के मरई गांव का है।यहां 21 अप्रैल को उस समय सनसनी फैल गयी जब एक घर मे दो सगी बहनों के शव फांसी के फंदे पर लटकते मिले थे। यहां के रहने वाले शिवकुमार के घर मे उस समय हड़कम्प मच गया जब उनकी दो पुत्रियों प्रिया 20 और जूली 18 के शव घर के अंदर कमरे में एक ही दुपट्टे में फांसी के फंदे पर लटकते पाये गए। जैसे ही परिजनों ने शव लटकते देखे तो कोहराम मच गया था।
           मामले की सूचना किसी ग्रामीण ने पुलिस को दी थी सूचना पाकर एसओ हरियांवा मौके पर पहुंचे और घर के अंदर कमरे में एक ही दुपट्टे से फांसी पर लटकी बहनों के शवों को उतरवाया और पंचायतनामा भरा था । पांच बहनों में ये दोनों बहनें चौथे और पाँचवे नंबर की थी, बाकी तीन बहनों का विवाह हो चुका था। पुलिस मामले की तफ्तीश में लगी थी।
            इसी बीच गांव के ही बीडीसी अरविंद कुमार ने मामले में मृतक बहनों के पिता शिवकुमार और उसकी माँ पार्वती के विरुद्ध तहरीर दी । जिसके बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आत्महत्या को प्रेरित करने का मामला दर्ज कर लिया और दोनों को घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक लड़कियों के पास एक मोबाइल मिला था जिसके कारण दोनों लड़कियों को जमकर डांटा गया था और मर जाने के लिए प्रेरित किया था। दोनों आरोपी मां व पिता का मेडिकल कराकर जेल भेजा गया है।