पीसीएफ केंद्र तीन वर्षों से बंद, किसान परेशान और भू-माफिया कर रहे कब्जा

कछौना, हरदोई। विकासखंड कछौना में नगर के रेलवे स्टेशन के पास उपभोक्ता संघ भवन में तीन वर्षों से पीसीएस केंद्र बंद होने के कारण किसानों को काफी परेशानी हो रही है। जिसके कारण खाद बीज के लिए किसान दर-दर भटकने को विवश हैं।

बताते चलें विकासखंड कछौना के कस्बे के रेलवेगंज में उपभोक्ता संघ भवन में पीसीएफ केंद्र संचालित था। जिससे किसानों को उनकी धान गेहूं खरीद के लिए केंद्र बनने से उनकी फसल का सही मूल्य मिल जाता था। यह उपभोक्ता संघ भवन में किराए पर चल रहा था। उपभोक्ता संघ भवन काफी जर्जर हो गया है। मोहल्ले का पूरा पानी इस परिसर में आने से हमेशा जलभराव बना रहता है। परिसर में झाड़ी होने के कारण कीड़े मकोड़े बने रहते हैं। इस परिसर में शौचालय भी जर्जर हो गया है। बाउंड्री की दीवार टूट चुकी है। जिसके कारण सुअर व छुट्टा जानवर बने रहते हैं। लाखों रुपए की कीमत का तैयार भवन अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। इस भवन में स्थानीय लोगों ने अवैध कब्जा भी कर लिया है। एक व्यक्ति ने कई कमरों का आवास बना लिया है। जिम्मेदार नुमाइंदे आंख बंद किए हैं। सरकारी कर्मचारियों ने इस केंद्र तक ट्रक न  पहुंचने का कारण बताकर केंद्र को तीन वर्ष पूर्व बंद कर दिया, जबकि थोड़ा प्रयास करके रास्ता सही करा दिया होता तो आसानी से केंद्र तक वाहन पहुंच सकते थे। 

वर्तमान समय में विकासखंड कछौना में चार साधन सहकारी समिति संचालित है। काफी संख्या में किसान खाद बीज खरीदने के लिए सेंटर न होने के कारण दर-दर भटकने को विवश हैं। इस केंद्र को शीघ्र चालू कराने की मांग मंडल अध्यक्ष भाजपा नवीन पटेल ने शासन प्रशासन से की थी। जिस पर संयुक्त आयुक्त एवं सहकारिता के अधिकारी ने समुचित रास्ता सही न होने का कारण बताया है। क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा ने पूरे मामले को जिला अधिकारी को अवगत कराया है, उन्होंने शीघ्र चालू करने का आश्वासन दिया है।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता