बदायूँ :जून माह के चलते एक ओर तो गर्मी अपने पूरे चरम पर है दूसरी ओर अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं में त्राहि – त्राहि मची हुई है । बिजली कटौती और ट्रिपिंग के चलते लोगों को न केवल दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है बल्कि बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है ।
पिछले काफी समय से क्षेत्र में बिजली सप्लाई ठीक चल रही थी लेकिन गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती की समस्या ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है । करीब एक हफ्ते से तो बिजली ने कटौती के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं । बुधवार को दिन भर में करीब डेढ दर्जन से अधिक ट्रिपिंग के बाद बमुश्किल दो से तीन घंटे ही सप्लाई मिल सकी । भीषण गर्मी के कारण दिन भर लोग परेशान रहे । लो वोल्टेज और बिजली कटौती के चलते कूलर , पंखे आदि विद्युत उपकरण शो पीस बने हुए हैं । लोगों ने डीएम से बिजली कटौती पर रोक लगाए जाने की मांग की है ।