राघवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ‘राघव’ :-
■ मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद में विद्यालय के पूर्व छात्र शिवम यादव ने प्रत्येक दीवार पर बनाई आकर्षक व प्रेरणादायक पेंटिंग ।
भवानीमंडी:-(राजेश पुरोहित)करैरा के टोड़ाकरैरा गांव में एक सरकारी स्कूल की तस्वीर ऐसी भी हैं कि जिसे देखकर नौनिहालों में बहुत ही खुशी देखी जा रही है। खास बात यह है कि बच्चे अपने अभिभावकों से जिद पर अड़े हैं कि अब वे शहर के प्राईवेट स्कूल में न जाकर गांव के ही शासकीय विद्यालय में पढ़ेंगे। क्योंकि गांव के स्कूल की हर दीवार,हर कोने पर शिवम भैया ने दीवार को सुंदर सजाया है और यहां के सर बहुत अच्छा पढ़ाते भी है।
खबर यह भी है कि इसी विद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने वाले शिवम यादव विद्यालय में विगत 13 वर्ष से बच्चों के बीच बैठ कर ड्राइंग एवं दीवारों पर पेंटिंग का कार्य कर रहे हैं। शिवम फिलहाल ग्वालियर में रहकर पढ़ाई करते हैं। ग्वालियर के प्राईवेट स्कूलों की सुंदरता देखकर शिवम ने अपने मन में भी अपने पैतृक गांव के विद्यालय को पेंटिंग से सजाने का संकल्प लिया। कुछ समय तक शिवम अपने इसी विद्यालय में पेंटिंग का कार्य करते रहे और वह भारतीय कलाकार संघ नामक संघटन के संपर्क में आये । शिवम यादव की कार्य शैली देखते हुए संघटन के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें पूरे मध्यप्रदेश के सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी पदाधिकारियों की टीम में शामिल कर लिया। जब भारतीय कलाकार संघ के अध्यक्ष को ये जानकारी मिली कि शिवम अपने विद्यालय में निश्शुल्क पेंटिंग बनाने का पुनीत कार्य कर रहे हैं तो वे अपनी एक कुशल कलाकारों की टीम लेकर करैरा के टोड़ा गांव स्थित प्राईमरी स्कूल में आकर पेंटिंग और चित्रकारी कर के शानदार रूप से सजाया। शिवम यादव के विशेष अनुरोध पर दतिया से अंकुर पेंटर, टीकमगढ़ जिले के पलेरा से सिंह आर्ट (देवेंद्र सिंह ठाकुर), कल्लू ठेकेदार, आर्टिस्ट बेताल केन ग्वालियर ने मिलकर अपनी कलाकारी का प्रर्दशन किया है ।

आसपास के युवाओं को सेल्फी प्वाइंट बना विद्यालय
इस विद्यालय के फोटो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं । तमाम न्यूज़ चैनल भी कवरेज के लिए पहुंच रहे हैं। युवा दूर दूर से सेल्फी लेने टोड़ा करैरा स्थित विद्यालय में पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि यदि ये विद्यालय इतना सुंदर बन सकता है तो प्रत्येक गांव में ऐसा क्यों नहीं हो सकता ? यदि छात्रों की नींव मजबूत होगी तभी वे आगे बढ़ सकते हैं। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने से हमारा करैरा नंबर 1 होगा ।
अंतराष्ट्रीय स्तर के कवि देश के ख्यातिनाम कवि साहित्यकार राजेश कुमार शर्मा पुरोहित ने कहा कि शिवम यादव कलाकार संघ के मीडिया प्रभारी है। शिवम जी ने जिस विद्यालय में पढ़ाई की थी उसे विभिन्न रँगों से सजाकर अपनी पेंटिंग के जरिये विद्यार्थी के लिए विषय वस्तु से सम्बंधित चित्र उकेरे हैं। शिवम यादव जी सरकारी स्कूलों को सजाने का कार्य कर रहे है जो अनूठी पहल है। निजी स्कूलों में अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली जाती है। शिवम जी की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्र के सभी बच्चे अब सरकारी स्कूल जाने लगे हैं। मैं इनकी सोच को प्रणाम करता हूँ। शिवम जी चित्रकार लेखक व अच्छे साहित्यकार है। युवाओं के प्रेरणा स्रोत है।