अंकित सक्सेना बदायूँ-
जिले में कांवड़यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से निकले। इसके लिए शासन की ओर से एक कंपनी आरएएफ बदायूँ भेजी गई है। कंपनी ने यहां पहुंचने के साथ ही एसपी सिटी जितेंद्र श्रीवास्तव व सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर के साथ शहर में बुधवार को रूटमार्च निकाला। इस दौरान जहां शहर की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया गया। वहीं मिश्रित आबादी वाले खुराफाती तत्वों की सूची भी जुटाई है। ताकि समय रहते इन पर कार्रवाई की जा सके।
बुधवार शाम शहर में आरएएफ की कंपनी ने शहर में रूटमार्च किया। एसपी सिटी के नेतृत्व में निकाला गया यह रूटमार्च लालपुल से शुरू हुआ। इसके बाद यह कंपनी शहर के मिश्रित आबादी वाले इलाकों में घूमी। संकरी गलियों से लेकर चौड़ी सड़कों तक का जायजा लिया। कंपनी के असिस्टेंट कमांडेंट संजय धनवंथा व रमेश कुमार ने यह भी देखा कि कहां बड़ा मजमा लग सकता है और उसे कैसे टुकड़ों में विभाजित कर खदेड़ा जाएगा। दोपहर में सीओ सिटी के साथ कंपनी के अधिकारियों ने शहर का नक्शा देख यहां के हालात भी जाने।
पुलिस व आरएएफ शहर के सोथा मुहल्ला, मथुरिया चौक, काली सड़क, टिकटगंज चौराहा, मुख्य बाजार समेत विभिन्न इलाकों से गुजरती हुई पुलिस लाइन पहुंची। वर्जन आरएफ की एक कंपनी जिले को मिली है। रूटमार्च का उद्देश्य शरारती तत्वों को चेताना और आम आदमी में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। पुलिस किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम है। कांवड़यात्रा के दौरान किसी ने भी खुराफात की तो उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित है। कोतवाली और सिविल लाइन फोर्स मौजूद रहा ।