झोलाछाप चिकित्सकों के यहां छापा, तीन को मिला नोटिस

अहिरोरी चिकित्साधिकारी द्वारा बघौली के तीन झोलाछाप डॉक्टरों के यहां मारा छापा

                 हरदोई- सीएचसी अधीक्षक अहिरोरी के द्वारा कई झोलाछाप चिकित्सकों के यहां छापेमारी करते हुए डॉक्टरी करते पाये जाने पर तीन ऐसे डॉक्टरों को नोटिस जारी कर उनके अभिलेख मांगे है। कार्यवाई से हड़कंप की स्थिति है।
           अहिरोरी ब्लाक के अंतर्गत कस्बा बघौली में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अहिरोरी के चिकित्साधिकारी डॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने कस्बा बघौली के प्रज्ञा डेंटल क्लीनिक में डेंटल डॉक्टर अतुल कनौजिया, डॉक्टर रितिक वर्मा व टीएसआर हेल्थ केयर सेंटर पर छापा मारा और जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने वहां काफी देर तक पड़ताल की और चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े अभिलेख भी मांगे लेकिन तीनों ही कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। जिसके बाद सभी को नोटिस दिया गया है।
           बताते चले कि क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की कृपा दृष्टि के चलते भारी संख्या में झोलाछाप चिकित्सकों की दुकान संचालित है और यह लोग दुकानों के बाहर लगाए गए बोर्डों पर भारी भरकम डिग्रियां लिखकर जनता को बेवकूफ बनाकर उनके स्वास्थ्य से खिलवाड़ करते है। स्वास्थ्य विभाग भी महज खाना पूर्ति के रूप में कुछ कार्यवाई कर नोटिस जारी करके अपने कर्तव्यों की इति श्री कर लेता है। सूत्रों के मुताबिक ऐसे मामले में जमकर वसूली भी की जाती है।