हरदोई– जिले में सांप के काटने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एफसीआई गोदाम के ठेकेदार को गेहूं से भरे बोरों के बीच बैठे सांप ने काट लिया। सांप के काटने से ठेकेदार इतने गुस्से में आ गया कि उसने सांप से दोबारा कटवा लिया। यह देख लोगों ने सांप को बाल्टी में रखकर व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया।
कछौना थाना क्षेत्र के कामीपुर गांव के रहने वाले सरफराज एफसीआई गोदाम में पल्लेदार मजदूरों के ठेकेदार हैं। घर से किसी बात से नाराज होकर वह एफसीआई गोदाम आ गए थे। इसी बीच गोदाम में रखे गेहूं के बोरों के बीच बैठे सांप ने उनकी अंगुली में काट लिया। गुस्से में सरफराज ने सांप को पकड़ लिया और चिल्लाते हुए दोबारा कटवा लिया और कहा कि आज हम भी मरेंगे और तू भी मरेगा।
यह पूरा वाक्या देख वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। लोगों ने सरफराज के हाथ ने सांप को छुड़वाकर एक बाल्टी में डलवा दिया। आनन-फानन में लोगों ने सरफराज को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज किया जा रहा है। डॉ मनोज देशमणि ने बताया कि सरफराज की हालत सामान्य है। उनकी अंगुलियों में सांप के दो बार काटने के निशान हैं। डॉक्टर भी जहरीले सांप के काटने के बाद सरफराज की स्थिति सामान्य देख हैरान रह गए।