कछौना (हरदोई)। जनपद हरदोई के विकासखंड कछौना क्षेत्र में अभिभावक संघ के गठन के लिए की जा रही कोशिशों की सक्रियता में तेजी आई है। इसके पीछे का कारण क्षेत्र के निजी विद्यालयों द्वारा मनमाने रवैये को अपनाकर अभिभावकों और छात्रों के हो रहे शोषण को बताया जा रहा है। क्षेत्र के स्वतंत्र पत्रकार एसबी सिंह सेंगर ने अभिभावक संघ के गठन को लेकर सोशल मीडिया पर एक संदेश प्रसारित किया है। संदेश के माध्यम से निजी स्कूल की मनमानी से परेशान क्षेत्र के अभिभावकों को अभिभावक संघ से जुड़ने का आमंत्रण दिया गया है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश में लिखा है कि क्षेत्र के सभी सम्मानित अभिभावकों, छात्र-छात्राओं, निवासियों को अवगत कराया जाता है कि निजी स्कूलों के मनमाने रवैए व भ्रष्ट कार्यशैली के संदर्भ में ‘अभिभावकों के सहयोगार्थ व उनके हितों/अधिकारों की रक्षा के लिए’ हम ‘कछौनाअभिभावक संघ’ के गठन की आधिकारिक प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। ‘कछौना अभिभावक संघ’ क्षेत्र के किसी अभिभावक अथवा जागरूक नागरिक को किसी विद्यालय से किसी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर संबंधित विद्यालय व अभिभावक के मध्य समन्वय स्थापित कर निराकरण करने के साथ-साथ ‘निजी स्कूलों द्वारा सिंडिकेट बनाकर अभिभावकों का आर्थिक/मानसिक शोषण करने, विद्यालय प्रबंधन द्वारा गैरकानूनी/मनमाने तरीके से फीस में वृद्धि करने, प्रत्येक सत्र में प्रवेश शुल्क/भवन शुल्क सहित अन्य हाईटेक सुविधाओं के नाम पर अवैध वसूली करने, शासन-प्रशासन के दिशानिर्देशों के विरुद्ध स्कूल प्रबंधन द्वारा मनमाने प्रकाशक/कोर्स विक्रेता/निर्धारित दुकानों से पुस्तकें लेने पर बाध्य करने अथवा स्कूलों में ही किताबें बेचने, प्रत्येक सत्र में मनमाने तरीके से यूनिफॉर्म(ड्रेस) बदलने, शिक्षा के अधिकार अधिनियम(RTE) के अंतर्गत गरीब छात्र-छात्राओं को प्रवेश ना देने अथवा उन्हें कॉपी-किताबें/यूनिफॉर्म उपलब्ध ना कराने, परिवहन संबंधित निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर बच्चों को लाने/ले जाने हेतु वाहनों का संचालन करने/छात्र-छात्राओं के जीवन को खतरे में डालने आदि विषयों पर लगाम लगाने/कार्यवाई कराने व स्कूलों में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसन्धान और प्रशिक्षण परिषद(NCERT) की पुस्तकों/सिलेबस को लागू करने/संचालन कराने व फीस स्ट्रक्चर सार्वजनिक करने आदि संदर्भ में अभिभावकों के हितार्थ कार्य करेगा। ‘कछौना अभिभावक संघ’ के गठन के लिए हम क्षेत्र के सभी सम्मानित अभिभावकों, नागरिकों को खुला आमंत्रण प्रेषित कर रहे हैं, यदि आप इस संदर्भ में गंभीरतापूर्वक विचार कर संगठन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हैं तो निश्चित ही हम-सब उपरोक्त समस्याओं के समाधान पर निराकरण अवश्य कर पाएंगे। सशक्त, शिक्षित व जागरूक अभिभावक/नागरिक ही अपनी एकता का परिचय देकर निजी स्कूलों द्वारा विभिन्न माध्यमों से किए जा रहे शोषण पर लगाम लगा सकते हैं, इसलिए ‘आपका साथ-हमारी आवाज’ इस दिशा में निश्चित ही एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।
संदेश के अंत में संबंधित क्षेत्र के इच्छुक अभिभावकों को एक व्हाट्सएप नंबर पर संदेश भेजकर एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल होने की बात कही गई है।