राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक “चोगम” आज लंदन में शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित 53 सदस्य देशों के शीर्ष नेता इसमें हिस्सा ले रहे हैं। महारानी एलिजाबेथ दिवतीय ने इस महत्वपूर्ण बैठक का शुभारंभ करते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल की उदारता की भावना विश्व के सभी लोगों को राहत और आशा का संदेश दे सकती है।
ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टैरेजा मे ने राष्ट्रमंडल देशों के इस महत्वपूर्ण गोलमेज सम्मेलन के प्रांरभ होने से पहले उनका विधिवत स्वागत किया। इस सम्मेलन का विषय है ‘साझा भविष्य की ओर’। जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद जैसे मुद्दे पर इस सम्मेलन में प्रमुख स्तर पर चर्चा होने की उम्मीद है। शिखर सम्मेलन का उद्देश्य राष्ट्रमण्डल देशों को और समृद्ध बनाने के साथ-साथ सुरक्षित और सशक्त भविष्य की साझा चुनौतियों से निपटने पर विचार करना है। गौरतलब है कि जिस समय एक विचारधारा के देशों के बीच आतंकवाद से निपटने पर बल दिया जा रहा है। उस वक्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राष्ट्रमण्डल प्रमुखों की बैठक में भाग लेना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा आज कई देशों के प्रमुखों के साथ भेंटवार्ता भी किया। श्री मोदी का आज बाद में कई अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय विचार-विमर्श का कार्यक्रम है।