जम्मू-कश्मीर में जम्मू क्षेत्र के चार सीमावर्ती जिलों के गांवों और चौकियों पर पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल-बी एस एफ का एक जवान और सेना का एक जवान शहीद हो गया और दो नागरिक मारे गए हैं। गोलाबारी में बी एस एफ के दो अन्य जवानों सहित 19 लोग घायल हो गए।
आज तड़के पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू क्षेत्र में अरनिया और आर. एस. पुरा सेक्टरों में अकारण गोला-बारी शुरू कर दी। उन्होंने साम्बा के रामगढ़ सेक्टर और कठुआ के हीरा नगर सेक्टर में गांवों-बस्तियों को भी निशाना बनाया। पाकिस्तानी सैनिकों ने राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास नौशेरा सेक्टर में भी बड़ी मात्रा में मोर्टार दागे।
सीमा पर तैनात बीएसएफ और सेना के जवानों ने पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड जवाब दिया। और दोनों ओर से गोलाबारी का यह सिलसिला शाम तक जारी रहा। सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों ने दहशत का माहौल है क्योंकि पाकिस्तानी मोर्टारों की रेंज काफी बढी हुई थी और वह कुछ किलोमीटर भीतर गिर रहे थे। मकानों और ढांचागत सुविधाओं और मवेशियों की भी भारी क्षति हुई है। लोगों ने सुरक्षित जगह पर पलायन करना शुरू कर दिया है। अगले आदेश तक इन इलाकों में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।