जैश-ए-मोहम्‍मद के दो आतंकवादी ढेर, दो सैनिक भी हुए शहीद

सुरक्षाबलों ने जम्‍मू कश्‍मीर के जम्‍मू में सुंजवान सैन्‍य स्‍टेशन में जारी मुठभेड़ में अब तक जैश-ए-मोहम्‍मद के दो आतंकवादियों को मार गिराया है। रक्षा प्रवक्‍ता कर्नल देवेंदर आनंद के अनुसार आतंकी हमले में दो सैन्‍यकर्मी शहीद हो गये हैं। पांच महिलायें और बच्‍चे सहित अन्‍य नौ लोग घायल हो गए हैं। शहीद हुए सेना के जवानों में जम्‍मू कश्‍मीर से एक जे सी ओ और एक एन सी ओ शामिल हैं ।

घायलों में से दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी आतंकी जिनकी संख्या चार से पांच के बीच हो सकती है को समाप्त करने हेतु अभियान जारी है। यह सैन्य अभियान पूरी एहतियात और सावधानी से चलाया जा रहा है क्योंकि आतंकी फैमिली क्वार्टरों के पास छिपे हुए हैं। अभी तक एक सौ पचास के अधिक घरों को सुरक्षा के लिहाज से खाली करवा लिया गया है। ये आतंकी भारी हथियारों से लैस बताये जा रहे हैं क्योंकि आतंकियों के कब्जे से भारी मात्रा में असलहा और बारूद बरामद किया गया है। आतंकियों का ताल्लुक जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से बताया जा रहा है। जम्‍मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एस डी सिंह जमवाल ने संवाददाताओं को बताया कि आतंकी हमला सुबह लगभग पांच बजे शुरू हुआ। जम्‍मू में उच्‍चस्‍तरीय अलर्ट की घोषणा की गई है और शहर तथा आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्‍यवस्‍था कड़ी कर दी गई है।