हर्षोल्लास से मनाया वसन्त पञ्चमी पर्व, जगह-जगह आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम

कछौना (हरदोई) : वसंत पंचमी के अवसर पर मंगलवार को स्व० गजराज सिंह इण्टर कॉलेज टिकरी कछौना हरदोई में हर वर्ष की भांति वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन के साथ-साथ सरस्वती वंदना से हुई। विद्यालयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना के लिए विद्यालयों में पांडाल लगाकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-पाठ किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने मां की आराधना करने के लिए भजनों की प्रस्तुति की। विद्यालय के प्रबन्ध रामबहादुर सिंह (बबलू) ने सभी छात्रों को बुद्धिमान होने की कामना की। नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा माखन चोरी व धनुष यज्ञ कार्यक्रम किया गया। धनुष यज्ञ कार्यक्रम में काजल वर्मा ने श्री राम, अनिता गौतम ने लक्ष्मण, जूली वर्मा ने सीता व माखन चोरी में शीलू वर्मा ने कृष्ण, निशा वर्मा ने यशोदा, सना बानो ने बलराम का किरदार निभाकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नौनिहालों ने मां सरस्वती के भजनों से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक तेजपाल सिंह तोमर ने बताया मां सरस्वती का आज जन्मदिन है। मां सरस्वती ज्ञान की देवी है। बसंत पंचमी का दिन ज्ञान की देवी मां सरस्वती को समर्पित है। इस दिन मां सरस्वती की पूजा का विधान है। सरस्वती मां को ज्ञान, कला और संगीत की देवी कहा जाता है। इसीलिए आज मैं विद्या की देवी मां सरस्वती से छात्र/छात्राओं के उज्जवल भविष्य व ज्ञानवान होने की कामना करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय व्यवस्थापक बबलू सिंह, प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह तोमर, अध्यापक अक्षय सिंह, विवेक त्रिपाठी, उपेंद्र सिंह, विनय सिंह व छात्र-छात्राओं सहित अभिभावक गण व गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता