इंडियन रोटी बैंक के नवनियुक्त राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर का कार्यकर्त्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई)। गरीब, असहाय व जरूरतमंदों की हर संभव मदद के लिए काम कर रही राष्ट्रीय सामाजिक संस्था ‘इंडियन रोटी बैंक’ के नवनियुक्त राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं रिटायर्ड डीएसपी विजय कांत मिश्रा के सोमवार को जनपद आगमन पर जगह-जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर कस्बा कछौना में स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने जोश व उत्साह के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

सोमवार दोपहर नगर के मुख्य चौराहे के निकट स्थित यूजे पैलेस पर इंडियन रोटी बैंक बालामऊ इकाई के कार्यकर्ताओं ने जिला कोऑर्डिनेटर विनय शुक्ला के नेतृत्व में कस्बे के नवनियुक्त राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर का फूल माला पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ, स्मृतिचिन्ह, अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया। इंडियन रोटी बैंक के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर विजय कांत मिश्रा ने बातचीत के दौरान बताया कि जनपद हरदोई में कछौना से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। पूर्व में थानाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाओं के दिनों और अनुभवों को याद करते हुए कहा कि कस्बे में सेवाओं के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों से काफी प्रेम, स्नेह और सहयोग मिला। जिसकी अविस्मरणीय यादें आज भी जीवंत है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने वाली राष्ट्रीय संस्था इंडियन रोटी बैंक में भगीदारी के लिए नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी के रूप में विशेष अवसर मिला है जिसके लिए संस्था के प्रति आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने बताया कि संस्था के द्वारा आगामी 25 दिसंबर को आर्थिक रूप से अक्षम तथा बुजुर्ग लाचार व्यक्तियों को पुराने गर्म कपड़े, भोजन तथा कंबल आदि का वितरण राष्ट्रीय स्तर पर किया जाना सुनिश्चित किया गया है। इसके तहत देश के 16 राज्यों के 87 जिलों में ‘नया सवेरा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर इण्डियन रोटी बैंक के संस्थापक विक्रम पांडे, जिला कोऑर्डिनेटर विनय शुक्ला, बालामऊ इकाई के चीफ कोऑर्डिनेटर पियूष मिश्रा, नीशिष गुप्ता, गोपाल जी गुप्ता, सौरभ सिंह, सूरज पांडेय, शुभम शुक्ला, सत्य प्रकाश मिश्रा, अजय सिंह, भाई मनोज पांडे, दीपक कुमार, शैलेन्द्र त्रिवेदी आदि लोग मौजूद रहे।