मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण किया । उन्होंने कहा कि भारतवर्ष के गणतंत्र के 68 वर्ष पूर्ण होने पर मैं आप सभी को हृदय से बधाई देता हूं । पूरा देश अपने संविधान को अंगीकार करने का उत्सव मना रहा है ।
समता, न्याय और आपसी सद्भाव हमारे संविधान का मूल मंत्र है । भारत में हर जाति, मत और मजहब अापसी सद्भाव का परिचय देते हुए देश के विकास में योगदान दे सकें, इस दृष्टि से संविधान ने हमें एक सूत्र में जोड़ने का काम किया है । जब यह देश राष्ट्रीय पर्व के रूप में गणतंत्र दिवस मना रहा है तो स्वाभाविक तौर पर सबसे बड़े राज्य के रूप में उत्तर प्रदेश के नागरिक के रूप में देश के संकल्पों के साथ हम सबको भी खुद को संबद्ध करने की प्रेरणा दे रहा है ।